धार्मिक नगरी अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां आंगनबाड़ी विभाग की कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए झोली भर दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ियां भेंट कीं और नई नियुक्त हुई कार्यकत्रियों तथा सहायिकाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र सौंपे। इसी मंच से उन्होंने कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने का बड़ा एलान किया।
मानदेय में सीधे बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय अब 8 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये होगा। इसी तरह आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय भी 4 हजार रुपये की जगह अब 6 हजार रुपये मिलेगा। सरकार के इस कदम को प्रदेशभर की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए राहत भरा फैसला माना जा रहा है।
बच्चों संग मस्ती, मेधावी छात्राओं और पर्यवेक्षिकाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छोटे बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें चॉकलेट बांटीं। इसके अलावा पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। बेहतर काम करने वाली आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं को भी मुख्यमंत्री ने मंच पर बुलाकर सराहा, जिससे कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कर्मियों का उत्साह और बढ़ गया।
कैशलेस इलाज के लिए मिलेंगे 5 लाख रुपये तक
मानदेय बढ़ाने के अलावा मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए एक और बड़ी घोषणा की। बीमार पड़ने पर अब इन्हें कैशलेस तरीके से 5 लाख रुपये तक का इलाज मिल सकेगा, यानी इलाज के वक्त उन्हें अपनी जेब से पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। सरकार के इस फैसले को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के हित में बड़ा कदम बताया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद रामलला के दर्शन-पूजन के लिए रवाना
संबोधन खत्म करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ GIC कार्यक्रम स्थल से अयोध्या धाम के लिए रवाना हो गए। अयोध्या धाम पहुंचकर मुख्यमंत्री सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद वह रामलला का दर्शन करने मंदिर पहुंचेंगे। सीएम के अयोध्या दौरे के मद्देनजर शहर में प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है।


















