छोले के साथ गरमागरम फूले हुए भटूरे खाने का आनंद ही कुछ और है। अक्सर घरों में छोले तो आसानी से बन जाते हैं, लेकिन बाजार जैसे बड़े और फूले हुए भटूरे तैयार करना थोड़ा मुश्किल लगता है। इसकी असली वजह आटे को गूंथने का तरीका और उसमें डाली जाने वाली चीजें हैं। अगर आप सही सामग्री और सही प्रक्रिया का पालन करें, तो घर पर भी बिल्कुल बाजार जैसे स्वादिष्ट भटूरे आसानी से तैयार किए जा सकते हैं।
भटूरे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
अगर आप दो से तीन लोगों के लिए भटूरे बना रहे हैं, तो आठ से दस भटूरों के लिए सही माप का ध्यान रखना जरूरी है। मुख्य सामग्री के तौर पर दो कप मैदा और दो बड़े चम्मच सूजी की जरूरत होती है। इसके अलावा चार बड़े चम्मच दही, एक छोटा चम्मच चीनी, आधा छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, आधा छोटा चम्मच नमक, मोयन के लिए दो बड़े चम्मच तेल, आटा गूंथने के वास्ते गुनगुना पानी और तलने के लिए पर्याप्त तेल की आवश्यकता होगी।
आटा तैयार करने की पूरी विधि
सबसे पहले किसी बड़े बर्तन में मैदा और सूजी को अच्छी तरह से छान लें। अब इसमें बेकिंग पाउडर, चीनी और नमक डालकर सभी सूखी चीजों को आपस में मिला लें। इसके बाद इसमें दो बड़े चम्मच तेल का मोयन और दही डालकर हाथों की मदद से अच्छे से मिलाएं ताकि सारी सामग्री आटे में एक समान मिल जाए। अब गुनगुना पानी थोड़ा-थोड़ा डालते हुए एक नरम और चिकना आटा गूंथ लें। भटूरे का आटा पूरी की तरह सख्त नहीं बल्कि हल्का नरम गूंथा जाता है। आटे को चार से पांच मिनट तक अच्छी तरह मसलकर चिकना करें, फिर इसके ऊपर हल्का सा तेल लगाकर किसी गर्म स्थान पर दो घंटे के लिए ढककर रख दें ताकि यह अच्छी तरह से फॉर्मेट हो जाए।
भटूरे बेलने और तलने की प्रक्रिया
तैयार किए गए आटे से मीडियम साइज की लोइयां तोड़ लें। अब चकले और बेलन की मदद से इन्हें गोल या अपनी पसंद के अनुसार लंबा बेल लें। कड़ाही में तेल डालकर उसे अच्छी तरह तेज गर्म कर लें। बेले हुए भटूरे को गर्म तेल में डालें और हल्का सा दबाते हुए सेकें, जिससे वह तुरंत गुब्बारे की तरह फूल जाएगा। इसे दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें। इसी प्रक्रिया से बाकी सभी भटूरे तैयार कर लें। आप चाहें तो घर में गरमागरम छोले भटूरे बनाकर खाएं और होटल के खाने का मजा घर पर ही उठाएं।























