बाजार में बिकने वाली अनगिनत लिपस्टिक में से अपने लिए परफेक्ट शेड तलाशना अक्सर मुश्किल काम लगता है। लोग आमतौर पर अपनी पसंद का कोई भी रंग डिब्बी देखकर उठा लेते हैं, लेकिन वही शेड हर किसी के चेहरे पर एक जैसा नहीं खिलता। इस दुविधा को दूर करते हुए श्रियोआन कॉस्मेटिक्स की को-फाउंडर और ब्यूटी एक्सपर्ट दृष्टि मदनानी का कहना है कि बेहतरीन लुक पाने के लिए केवल चेहरे के रंग यानी स्किन टोन पर ध्यान देना काफी नहीं है, बल्कि त्वचा के भीतर छिपे अंडरटोन को समझना भी उतना ही जरूरी है।
स्किन टोन और अंडरटोन में फर्क
बहुत से लोग स्किन टोन और अंडरटोन को एक ही मान लेते हैं, जबकि दोनों में बुनियादी अंतर होता है। स्किन टोन वह रंग है जो ऊपर से दिखाई देता है जैसे गोरा रंग, गेंहुओं या सांवला रंग। इसके विपरीत, अंडरटोन त्वचा की सतह के बिल्कुल नीचे मौजूद नेचुरल टोन को कहते हैं। इसे जांचने का सबसे आसान तरीका आपकी कलाई की नसें देखना है। अगर आपकी नसें हरे रंग की नजर आती हैं, तो आपका अंडरटोन वार्म यानी गर्म श्रेणी में आता है। यदि ये नसें नीले या बैंगनी रंग की दिखती हैं, तो अंडरटोन कूल माना जाता है। वहीं, अगर आपको अपनी कलाई में हरे और नीले दोनों रंगों का मेल दिखाई दे, तो आपका अंडरटोन न्यूट्रल हो सकता है।
फेयर स्किन के लिए बेहतरीन विकल्प
गोरी त्वचा पर कौन सा रंग जचेगा, यह पूरी तरह आपके अंडरटोन पर निर्भर करता है। यदि किसी की त्वचा फेयर है और उसका अंडरटोन कूल है, तो हल्के गुलाबी यानी सॉफ्ट पिंक और माउव शेड बहुत फबते हैं। इसके उलट, वार्म अंडरटोन वाली फेयर स्किन पर पीच, कोरल और न्यूड शेड्स ज्यादा खूबसूरत लगते हैं। सौंदर्य विशेषज्ञ दृष्टि के अनुसार, भारतीय महिलाओं में न्यूट्रल अंडरटोन बहुत सामान्य रूप से पाया जाता है। ऐसे लोगों के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि उन पर कई तरह के शेड आसानी से सूट कर जाते हैं। यदि आपको किसी शेड को लेकर जरा भी उलझन हो, तो अपने होंठों के प्राकृतिक रंग से एक टोन गहरा शेड चुनना हमेशा एक सुरक्षित और आसान फैसला साबित होता है।
सांवले रंग पर ब्राइट रंगों का जादू
अक्सर यह गलत धारणा फैली होती है कि डस्की या सांवली त्वचा पर चमकीले और ब्राइट रंग अच्छे नहीं लगते। ब्यूटी एक्सपर्ट इस बात को सिरे से खारिज करती हैं और इसे एक कोरा भ्रम मानती हैं। उनके लंबे अनुभव के मुताबिक, यदि सही ब्राइट शेड का चुनाव किया जाए, तो वह डस्की स्किन के चहरे को और ज्यादा निखार देता है और पूरा लुक तुरंत खिल उठता है।
खरीदारी के काम आने वाले खास टिप्स
नई लिपस्टिक खरीदते समय अक्सर लोग उसे हाथ के पिछले हिस्से पर लगाकर रंग देखते हैं। एक्सपर्ट की सलाह है कि शेड की असल परीक्षा के लिए उसे अपनी उंगली के पोरों पर या फिर निचले होंठ पर लगाकर परखना चाहिए। इसके अलावा, रंग हमेशा प्राकृतिक रोशनी में ही जांचना चाहिए, क्योंकि कृत्रिम या मॉल की तेज रोशनी में रंगों का असर अलग दिख सकता है.
रोजाना के इस्तेमाल के लिए सही शेड
लिपस्टिक का कोई भी रंग अपने आप में गलत नहीं होता। असली सही शेड वही है जो आपकी स्किन टोन और अंडरटोन के साथ पूरी तरह मेल खाए, जिसे लगाने के बाद आप आत्मविश्वास से भरी महसूस करें और जो सिर्फ किसी शादी या पार्टी तक सीमित न रहकर रोजमर्रा की जिंदगी में भी आपके साथ आसानी से चल सके। इसलिए इस बार केवल लाल या मैरून रंगों तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी त्वचा के हिसाब से कोई नया शेड जरूर आजमाएं।



















