झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली सौम्या अग्रवाल आज उन युवाओं के लिए मिसाल बन चुकी हैं, जो नौकरी की बजाय अपना कुछ करने का सपना देखते हैं। उन्होंने घर बैठे अपना खुद का फैशन ब्रांड 'स्वरनबी' खड़ा किया और आज उनके इस काम में 30 से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं।
सौम्या ने फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई मुंबई से पूरी की। इसके बाद उन्होंने किसी कंपनी में नौकरी करने के बजाय अपना ब्रांड बनाने का फैसला लिया। उनका कहना है कि उन्हें शुरू से ही अपना बॉस बनने का शौक था, नौकरी करना उनकी चाहत में कभी नहीं रहा।
देशभर के फैब्रिक, अपना यूनिक डिजाइन
सौम्या बताती हैं कि वह भारत के अलग अलग हिस्सों से हर तरह के फैब्रिक मंगवाती हैं और फिर अपने अंदाज में उन पर यूनिक डिजाइन और कलाकारी करके कपड़े तैयार करती हैं। यही उनके कलेक्शन को बाकियों से अलग बनाता है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी त्याग करना पड़ा। हालत यह रही कि पिछले दो साल में वह कब कहीं बाहर घूमने गईं, यह उन्हें ठीक से याद तक नहीं है।
सोशल मीडिया सबसे बड़ा हथियार
सौम्या के मुताबिक आज के दौर में सोशल मीडिया एक बहुत बड़ा हथियार है और इसका सही इस्तेमाल किसी को भी बहुत आगे ले जा सकता है। उन्होंने इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप समेत हर प्लेटफॉर्म पर अपना ऑफिशियल पेज बनाया है। यहां वह अपने प्रोडक्ट के हाई क्वालिटी शॉर्ट वीडियो बनाकर अपलोड करती हैं, जिनमें उनके कपड़ों की झलक मिलती है। वह इस बात का खास ध्यान रखती हैं कि हर वीडियो बेहतरीन क्वालिटी का हो।
इसी के जरिए वह बड़ी आसानी से लोगों तक पहुंच जाती हैं। सौम्या का मानना है कि एक बार आप ग्राहक का भरोसा जीत लेते हैं, तो वही ग्राहक आगे चलकर आपका प्रचार खुद कर देता है। बस शर्त इतनी है कि ईमानदारी के साथ अच्छे डिजाइन और अच्छी क्वालिटी में यूनिक कलेक्शन दिया जाए। क्वालिटी के मामले में किसी भी हाल में समझौता नहीं होना चाहिए।
काम पहले, बाकी सब बाद में
इस सफलता की एक कीमत भी रही। सौम्या बताती हैं कि बीते दो साल में उनके कई फैमिली फंक्शन छूट गए और अब वह पार्टियों में भी नहीं जा पातीं। वजह साफ है, काम के प्रति उनकी एक कमिटमेंट है और उनके लिए काम ही पहली प्राथमिकता है। उनका कहना है कि अगर इसी लगन के साथ मेहनत की जाए, तो सफलता मिलना तय है।
आज आलम यह है कि उन्हें पूरे भारत से ऑर्डर मिलते हैं। कई बार जब वह बाहर निकलती हैं तो उन्हें लोग उनके ही बनाए कपड़े पहने नजर आ जाते हैं, और यह देखकर उन्हें बेहद गर्व महसूस होता है। सौम्या की कहानी बताती है कि महिलाएं सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करके घर बैठे अपना ब्रांड खड़ा कर सकती हैं और अच्छी कमाई भी कर सकती हैं।


















