झारखंड के बोकारो जिले की एक छोटी सी बस्ती इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, और वजह है एक घर की छत पर खड़ा सीमेंट से बना हेलीकॉप्टर. चंद्रपुरा प्रखंड की झरना बस्ती में बने इस घर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं. हालत यह है कि आसपास के गांवों और शहरों से लोग सिर्फ इस अनोखे नजारे को अपनी आंखों से देखने और इसके साथ सेल्फी लेने पहुंच रहे हैं.
इस दिलचस्प कारीगरी के पीछे घर के मालिक जमुना प्रसाद महतो का सपना है. उनका कहना है कि बचपन से ही उन्हें हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर अपनी ओर खींचते रहे हैं. इसी लगाव को हकीकत में बदलने और अपने घर को बाकी सब घरों से अलग पहचान देने के लिए उन्होंने छत पर यह हेलीकॉप्टर खड़ा करवा दिया.
2022 में लिया गया फैसला
साल 2022 में जब उनका घर बन रहा था, उसी दौरान उन्होंने तय कर लिया था कि छत पर एक हेलीकॉप्टर बनवाएंगे. इसे तैयार करने में करीब 50 हजार रुपये खर्च हुए और इसकी लंबाई लगभग 12 फीट है. पूरी तरह सीमेंट से बने इस मॉडल में पंखे और टायर जैसी बारीक आकृतियां भी उकेरी गई हैं, जिनकी वजह से यह दूर से देखने पर हूबहू असली हेलीकॉप्टर जैसा लगता है.
शुरुआती हिचक से पहचान तक
शुरुआत में परिवार के लोगों को यह विचार थोड़ा अजीब लगा था. लेकिन जल्द ही हर सदस्य उनके इस सपने के साथ खड़ा हो गया और हर कदम पर साथ दिया. आज यही हेलीकॉप्टर पूरे इलाके की पहचान बन चुका है.
गांव-शहर से पहुंच रहे लोग
स्थानीय निवासी रोशन महतो बताते हैं कि बीते कुछ समय से यह घर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और आसपास के गांवों व शहरों से लोग यहां आ रहे हैं. कई लोग हेलीकॉप्टर वाली इस छत के साथ फोटो और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं. उनके मुताबिक घर भी बेहद खूबसूरत बना है. कुल मिलाकर बोकारो के इस घर में किया गया यह अनोखा प्रयोग आज हर किसी की जुबान पर है.



















