अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हाल ही में हुए एक घातक ड्रोन हमले में मारे गए छह अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए डेलावेयर स्थित डोवर एयर फोर्स बेस जा रहे हैं। इन वीर जवानों के पार्थिव शरीर उनके वतन लाए जा रहे हैं, जहां राष्ट्रपति खुद उनकी शहादत को नमन करेंगे।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर क्या कहा
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर इस यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "हमारे नायकों को सम्मानित करने के लिए डोवर एयर फोर्स बेस जा रहा हूं! राष्ट्रपति डीजेटी।" उनकी यह पोस्ट देश के लिए जान गंवाने वाले सैनिकों के प्रति उनके गहरे सम्मान को दर्शाती है।
ड्रोन हमले में गई 6 जवानों की जान
खबरों के मुताबिक, सात मार्च को हुए एक ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई थी। इन जवानों के पार्थिव शरीर को अमेरिका के डोवर एयर फोर्स बेस पर लाया गया है। अमेरिकी सेना में यह पुरानी परंपरा रही है कि विदेशी धरती पर किसी सैन्य अभियान के दौरान शहीद होने वाले सैनिकों के पार्थिव शरीर इसी एयर बेस पर लाए जाते हैं, जहां देश के शीर्ष नेता और सैन्य अधिकारी पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई देते हैं।


























