उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसमें अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पिछले काफी समय से यह अभिनेत्री इस हत्याकांड से जुड़े विभिन्न वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने को लेकर चर्चा में बनी हुई थीं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।
सहारनपुर से हुई गिरफ्तारी और जबरन वसूली का मामला
उमूल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की रहने वाली हैं। मामले की शुरुआत तब हुई जब शनिवार को रानीपुर कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज कराया गया। यह शिकायत पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की तरफ से दर्ज कराई गई थी। आरोप लगाया गया कि उर्मिला रविदास पीठ को अपने नाम कराने का दबाव बना रही थीं और मांग पूरी न होने पर पांच करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम मांगी जा रही थी। शिकायत में यह भी कहा गया कि पैसे न मिलने पर परिवार को जान से मारने और आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकियां दी जा रही थीं। इन गंभीर आरोपों के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा कायम किया और सहारनपुर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
विवादों से पुराना नाता और दर्ज मुकदमों का लंबा इतिहास
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि उर्मिला सनावर का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से ही कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक ये मामले उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई थानों में फैले हुए हैं। इनमें हरिद्वार जिले के झबरेड़ा, बहादराबाद, ज्वालापुर और रानीपुर तथा देहरादून का नेहरू कॉलोनी थाना शामिल है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार और फतेहपुर थाने में भी उनके नाम पर मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई है, जिसमें मुख्य रूप से धमकियां देना और आपत्तिजनक सामग्री साझा करना शामिल है।



















