छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में आधी रात को एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जहां पुलिस टीम ने उफनती नदी के तेज बहाव में बही कार से पांच लोगों की जान बचाई। यह हादसा गंडई क्षेत्र के दनिया पुल पर 26 सितंबर की रात को हुआ। रायपुर और भिलाई के रहने वाले पांच दोस्त कार से कान्हा किसली राष्ट्रीय उद्यान घूमने जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी बाढ़ की चपेट में आ गई।
सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ी कार
दरअसल, इलाके में 25 सितंबर को लगातार भारी बारिश हुई थी, जिससे नदी-नाले पूरे उफान पर थे। इसी बीच, 26 सितंबर की रात लगभग ढाई बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार दनिया पुल के पास पहुंची। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पुल पर बैरिकेड्स और स्टॉपर लगा रखे थे, लेकिन कार चला रहे कुबेर साहू ने स्टॉपर को टक्कर मारते हुए गाड़ी को बाढ़ के पानी में आगे बढ़ा दिया। पुल के दूसरे छोर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार चालक को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
नदी के बीच पेड़ का सहारा
पानी का बहाव इतना तेज था कि कार तुरंत नियंत्रण खो बैठी और बहते हुए नदी के बीच गहरे पानी में जाकर फंस गई। अपनी जान खतरे में देख कार सवार पांचों लोग किसी तरह गाड़ी से बाहर निकले और पास ही स्थित एक पेड़ का सहारा लेकर टिके रहे। भारी बारिश और घने अंधेरे के बीच जिंदगी और मौत से जूझ रहे इन लोगों ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल करके मदद की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी की अगुवाई में रेस्क्यू ऑपरेशन
आपातकालीन सूचना मिलते ही गंडई थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। गंडई थाना प्रभारी शिवांकर गिनडले अपनी टीम के साथ बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे, भारी बारिश और नदी के खतरनाक बहाव की परवाह न करते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए नदी में फंसे सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए लोगों में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे शामिल हैं। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद सभी को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।




















